हरिद्वार में गंगा दशहरा के अवसर पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब हरियाणा निवासी एक व्यक्ति तेज बहाव में बहकर हाथी पुल क्षेत्र में लगी सुरक्षा जंजीर में फंस गया। सूचना मिलते ही मौके पर तैनात एसडीआरएफ टीम ने तत्परता दिखाते हुए सफल रेस्क्यू कर व्यक्ति की जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार झज्जर, हरियाणा निवासी टीनू कुमार (45 वर्ष) गंगा स्नान के दौरान तेज धारा की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक व्यक्ति नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। बहाव में बहते हुए वह हाथी पुल क्षेत्र में लगी सुरक्षा जंजीर से लटक गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
मौके पर मौजूद एसडीआरएफ टीम ने बिना देर किए रेस्क्यू अभियान शुरू किया और सूझबूझ व सतर्कता के साथ व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद टीम ने व्यक्ति को प्राथमिक समझाइश देते हुए भविष्य में नशे की हालत में गंगा में स्नान न करने की चेतावनी भी दी।
बाद में टीनू कुमार को सकुशल उसके परिजनों और साथियों के सुपुर्द कर दिया गया। इस सफल रेस्क्यू के बाद परिजनों और श्रद्धालुओं ने एसडीआरएफ टीम का आभार व्यक्त किया।

