लक्सर। विधानसभा क्षेत्र लक्सर के युवाओं को तकनीकी शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विधायक शहजाद ने क्षेत्र में राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान की स्थापना की मांग उठाई है।
विधायक शहजाद ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि लक्सर विधानसभा क्षेत्र में राजकीय पॉलिटेक्निक की स्थापना को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया जाए। उनका कहना है कि क्षेत्र में तकनीकी शिक्षण संस्थान की कमी के कारण विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक और अन्य कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि यदि लक्सर में राजकीय पॉलिटेक्निक की स्थापना होती है तो क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अपने ही क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।
विधायक शहजाद ने कहा कि यह पहल लक्सर के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। क्षेत्रवासियों ने भी इस मांग का स्वागत करते हुए इसे युवाओं के हित में जरूरी बताया है।