लक्सर तहसील क्षेत्र के ग्राम नेहंन्दपुर सुठारी में अवैध खनन को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। ग्रामवासियों ने प्रशासन को शिकायत पत्र देकर आरोप लगाया है कि गांव के सामाजिक कार्यकर्ता और भारतीय किसान यूनियन तोमर के जिला मीडिया प्रभारी फैजान के खिलाफ कुछ खनन माफिया साजिश रच रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि फैजान लंबे समय से क्षेत्र में अवैध खनन और जनसमस्याओं के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं।ग्रामवासियों के अनुसार, बाणगंगा नदी में लगातार अवैध खनन किया जा रहा है, जिससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है और नदी के प्राकृतिक स्वरूप को भी गंभीर क्षति पहुंच रही है। आरोप है कि अवैध खनन के खिलाफ आवाज उठाने के कारण कुछ लोग उनके खिलाफ झूठी शिकायतें देकर मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इससे पहले भी अवैध खनन के मामलों में कुछ व्यक्तियों के खिलाफ तहसील प्रशासन द्वारा राजस्व रिकवरी और मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं।

ग्रामवासियों का कहना है कि 28 फरवरी को जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी लक्सर को भी इस संबंध में शिकायत दी गई थी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।अब ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, बाणगंगा नदी में हो रहे अवैध खनन पर सख्त कार्रवाई की जाए और यदि किसी के खिलाफ झूठे मुकदमे की साजिश रची जा रही है तो दोषियों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाए।ग्रामीणों ने प्रशासन से उम्मीद जताई है कि इस गंभीर मामले में जल्द उचित कार्रवाई कर क्षेत्र में कानून व्यवस्था और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version