Watch Now

लक्सर क्षेत्र में गंगा नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण को लेकर अब सियासत तेज होती नजर आ रही है। पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने पुल निर्माण में हो रही देरी पर सरकार और संबंधित विभागों से कई गंभीर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में उत्तराखंड सरकार द्वारा मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 569/2024 के तहत खसरा नंबर 291 के पास गंगा नदी पर पुल बनाने की घोषणा की गई थी। लोक निर्माण विभाग द्वारा इसका आंगनन भी तैयार किया गया और करीब 107 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई। लेकिन घोषणा और बजट स्वीकृति के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।
रविंद्र सिंह आनंद ने सवाल उठाया कि जब धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और प्रस्ताव भी तैयार है, तो आखिर यह परियोजना धरातल पर क्यों नहीं उतर रही। उन्होंने कहा कि यह पुल रामपुर रायघटी से नागल सोती गांव के बीच बनना प्रस्तावित है, जिससे हजारों किसानों को बड़ी राहत मिलती।


उन्होंने बताया कि आज भी किसान अपनी जान जोखिम में डालकर नाव के सहारे गंगा पार अपनी खेती करने जाते हैं। कई बार फसल, वाहन और सामान नदी में बह जाने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। हाल ही में एक व्यक्ति अपनी बाइक सहित गंगा नदी में बह गया, जो अभी तक नहीं मिल पाया है।
उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या पुल निर्माण कार्य पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बीच राजनीतिक खींचतान की वजह से लटका हुआ है। यदि ऐसा है तो यह क्षेत्र की जनता और किसानों के साथ अन्याय है।
रविंद्र सिंह आनंद ने सरकार से मांग की कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को तुरंत शुरू कराया जाए और यह भी स्पष्ट किया जाए कि स्वीकृत धनराशि का क्या हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द पुल निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान डॉ. अनिल कुमार, अर्जुन सिंह, विलियम्स, अरमान बेग और हुकुम सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।

Laksar #Haridwar #GangaBridge #RavindraSinghAnand #Uttarakhand #FarmersIssue #BridgeDemand #PushkarSinghDhami #TrivendraSinghRawat #UttarakhandNews

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version