लक्सर। भारतीय किसान यूनियन (भानू) का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को गन्ना समिति लक्सर पहुंचा, जहां किसानों के साथ हो रहे शोषण एवं गन्ना पर्ची छपाई शुल्क में की गई बढ़ोतरी के विरोध में गन्ना सचिव को ज्ञापन सौंपा गया।
भारतीय किसान यूनियन भानू के राष्ट्रीय महासचिव नितिन चौधरी (नीलू) ने बताया कि गन्ना पर्ची छपाई का जो शुल्क पहले निर्धारित था, उसे बढ़ाकर लगभग दोगुना कर दिया गया है, जिससे किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने बताया इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने गन्ना सचिव के माध्यम से जिला गन्ना अधिकारी (डीसीओ) एवं संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर शुल्क वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग की।

इस दौरान सुधांशु चौधरी सीटू, प्रदेश अध्यक्ष परविंदर चौधरी, प्रदेश प्रभारी जनक सिंह, जिला अध्यक्ष अमर सिंह मुखिया जी, अशोक, डॉ. सोनवीर, अर्जुन, निशांत, पहल सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं संगठन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अंकित चौधरी मुडलाना भी मौजूद रहे।
किसान नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन को समस्या के समाधान के लिए 7 दिनों का समय दिया गया है। यदि निर्धारित समयावधि में किसानों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है तो भारतीय किसान यूनियन भानू आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।