सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के उद्देश्य से लक्सर विकास समिति द्वारा ग्राम नगला खिताब के पंचायत भवन में एक विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया तथा आयोजन की सराहना की।
शिविर में आंखों से संबंधित जांच, शरीर स्वास्थ्य परीक्षण, स्त्री रोग विशेषज्ञ परामर्श, निशुल्क विधि परामर्श, रक्तदान शिविर एवं निशुल्क दवा वितरण जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श एवं उपचार संबंधी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में प्रधान चौधरी नरेंद्र सिंह, अमरदीप सिंह, दिग्विजय सिंह एवं अरविंद गर्ग की विशेष उपस्थिति रही। चिकित्सा सेवाओं में डॉ. दुष्यंत चौधरी, डॉ. फरहत अंसारी तथा नेत्र विशेषज्ञ डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं सामाजिक कार्यकर्ता अनिल पाराशर ने भी शिविर के सफल संचालन में सहयोग प्रदान किया।

इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री उत्तराखंड सरकार रविन्द्र सिंह आनंद ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना ही इस प्रकार के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक सहयोग के माध्यम से ही एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने सभी चिकित्सकों, समाजसेवियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।

शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। स्थानीय लोगों ने लक्सर विकास समिति के इस प्रयास को समाज हित में अत्यंत सराहनीय बताया। पूरे कार्यक्रम के दौरान व्यवस्था सुव्यवस्थित एवं अनुशासित रही।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
