लक्सर। क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और लक्सर क्षेत्र को आर्थिक रूप से मजबूत एवं समृद्ध बनाने के उद्देश्य से स्वराज फाउंडेशन एवं लक्सर विकास समिति के संयुक्त तत्वाधान में 25 अगस्त 2026, दिन मंगलवार को JSS नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कॉलेज, रायसी (लक्सर) में एक विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है।
इस रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक, डिप्लोमा एवं बी.टेक सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं वाले युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे। मेले में स्थानीय एवं बाहरी विभिन्न इंडस्ट्री और कंपनियों में 1200 से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे लक्सर विधानसभा क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं को अपनी योग्यता के अनुसार रोजगार प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।
लक्सर विकास समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने क्षेत्र के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि रोजगार की तलाश कर रहे अधिक से अधिक युवा इस रोजगार मेले में पहुंचें और उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि लक्सर क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को उनके घर के आसपास अथवा बेहतर संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध हों और लक्सर क्षेत्र आर्थिक रूप से समृद्ध बने।
रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि आज के समय में युवाओं के लिए रोजगार सबसे महत्वपूर्ण विषयों में से एक है। प्रतिभा और योग्यता हमारे युवाओं में भरपूर है, आवश्यकता केवल उन्हें सही अवसर और उचित मंच उपलब्ध कराने की है। इसी उद्देश्य से रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, ताकि युवाओं को विभिन्न कंपनियों एवं उद्योगों से सीधे जुड़ने और रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिल सके।
उन्होंने क्षेत्रवासियों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं अभिभावकों से भी अपील की कि इस रोजगार मेले की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं तथा इसे अपने-अपने व्हाट्सऐप, फेसबुक एवं अन्य सोशल मीडिया ग्रुपों में अधिक से अधिक साझा करें, ताकि कोई भी योग्य एवं जरूरतमंद युवा इस अवसर से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि एक युवा को रोजगार मिलने का अर्थ केवल एक व्यक्ति का भविष्य सुरक्षित होना नहीं है, बल्कि इससे पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है। इसी सोच के साथ लक्सर विकास समिति लगातार जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
रविंद्र सिंह आनंद ने क्षेत्र के सभी योग्य एवं इच्छुक युवाओं से आह्वान किया कि वे 25 अगस्त को JSS नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कॉलेज, रायसी पहुंचकर इस रोजगार मेले का लाभ अवश्य उठाएं और अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ाएं। इस दौरान स्वराज फाउंडेशन के अनिल पाराशर भी उपस्थित रहे।
Add A Comment
