लक्सर। पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने रेलवे फ्लाईओवर की खस्ताहाल स्थिति पर सवाल उठाए है,साथ ही प्रशासन से की त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने लक्सर क्षेत्र के फ्लाईओवर का निरीक्षण कर उसकी बदहाल स्थिति को उजागर किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि फ्लाईओवर के बीचों-बीच कई स्थानों पर लोहे के सरिए बाहर निकले हुए हैं, जो किसी भी समय गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति और भी चिंताजनक इसलिए है क्योंकि इस फ्लाईओवर से हर दिन हजारों लोग मोटरसाइकिल, स्कूटर ,ट्रक ,बस इत्यादि से सफर करते हैं और विडंबना यह है कि फ्लाईओवर के नीचे ही पीडब्ल्यूडी (PWD) का कार्यालय स्थित है। इसके बावजूद पिछले कई महीनों से स्थानीय लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं। लोगों द्वारा कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी है।

मौके पर उपस्थित स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिदिन सैकड़ों लोग इस फ्लाईओवर से गुजरते हैं और अपनी जान जोखिम में डालकर यात्रा करने को मजबूर हैं। उन्होंने संबंधित विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए इसे घोर लापरवाही बताया।
रविंद्र सिंह आनंद ने कहा कि संबंधित अधिकारी और क्षेत्रीय विधायक स्वयं भी इसी फ्लाईओवर से होकर गुजरते हैं, इसके बावजूद समस्या का समाधान न होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस गंभीर समस्या का तत्काल समाधान किया जाए और फ्लाईओवर की मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
