लक्सर विधानसभा क्षेत्र में युवाओं और मातृशक्ति को समर्पित दो बड़े कार्यक्रम आयोजित होने जा रहे हैं।
बुधवार को सचिन अग्रवाल के कैंप कार्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी सचिन अग्रवाल ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 21 अगस्त को ‘युवा जोश, नई उड़ान’ थीम के साथ रायसी से निरंजनपुर तक पांच किलोमीटर की मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। इस मैराथन का उद्देश्य युवाओं में ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना है। इसमें क्षेत्र के युवाओं के साथ बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
वहीं, 22 से 27 अगस्त तक ‘मातृशक्ति आशीर्वाद अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत लक्सर विधानसभा क्षेत्र की सभी न्याय पंचायत स्थलों पर रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से मातृशक्ति से आशीर्वाद लेने के साथ-साथ भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया जाएगा।
सचिन अग्रवाल ने कहा कि युवा शक्ति और मातृशक्ति समाज की दिशा और दशा बदलने की महत्वपूर्ण ताकत हैं। इसी सोच के साथ इन कार्यक्रमों को आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों और युवाओं से दोनों कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
