लक्सर। प्रेस क्लब लक्सर की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्लब से जुड़े पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रतिभाग किया। बैठक में क्लब के विस्तार, नए सदस्यों को जोड़ने तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में क्लब की भूमिका को और मजबूत करने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रेस क्लब लक्सर में योग्य एवं सक्रिय पत्रकारों को नए सदस्यों के रूप में जोड़ा जाएगा। इस दौरान क्षेत्र में बढ़ती कथित फर्जी पत्रकारिता और पत्रकारिता की आड़ में अवैध उगाही की शिकायतों को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई।
प्रेस क्लब के अध्यक्ष इतेश धीमान ने कहा कि पिछले कुछ समय से लगातार ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं कि क्षेत्र में कुछ लोग पत्रकारिता की आड़ में अवैध वसूली का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के कारण न केवल आम लोगों और व्यापारियों को परेशानी होती है, बल्कि ईमानदारी से पत्रकारिता कर रहे पत्रकारों की छवि भी प्रभावित होती है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता को बदनाम करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने जरूरी हैं। इसी उद्देश्य से प्रेस क्लब लक्सर अपने संगठन को और मजबूत करते हुए योग्य पत्रकारों को क्लब से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर रहा है।
क्लब के महामंत्री राजेश गुप्ता ने कहा कि जो भी पत्रकार प्रेस क्लब लक्सर से जुड़ना चाहते हैं, वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन पत्र के साथ अपने संबंधित समाचार संस्थान का वैध लेटर अवश्य जमा करें। उन्होंने कहा कि सदस्यता देते समय पत्रकार की सक्रियता, संस्थान से जुड़ाव और पत्रकारिता संबंधी आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करता है। क्लब का उद्देश्य पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखते हुए वास्तविक एवं सक्रिय पत्रकारों को एक मजबूत मंच उपलब्ध कराना है।
बैठक में उपस्थित अमन चौधरी, आफताब खान, इस्लाम प्रधान, पहल सिंह, सचिन कुमार, ब्रज मोहन शर्मा, प्रीतम कुमार, गुलशेर शौकीन , नीरज शर्मा आदि ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
Add A Comment
